March 19, 2026

शुरू हुई पंचायत चुनाव की हलचल: तीन विकासखंडों में 162 नामांकन, ग्रामीण क्षेत्रों में दिखा लोकतंत्र का उत्साह

बागेश्वर । जिले में पंचायत चुनाव की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों की भागीदारी ने माहौल को चुनावी रंग में रंग दिया है। निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक जिले के तीन विकासखंडों—बागेश्वर, गरुड़ और कपकोट—में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए कुल 162 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं।

बागेश्वर विकासखंड बना सबसे सक्रिय केंद्र
बागेश्वर विकासखंड में अब तक ग्राम प्रधान पद के लिए सबसे अधिक 57 नामांकन हुए हैं। इसके अलावा क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 21 और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 5 लोगों ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं कपकोट विकासखंड में 46 लोगों ने प्रधान पद के लिए, 9 ने क्षेत्र पंचायत सदस्य और 6 ने ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन किया है। गरुड़ विकासखंड में ग्राम प्रधान के लिए 16 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 5 नामांकन हुए हैं, जबकि ग्राम पंचायत सदस्य पद पर अब तक कोई नामांकन नहीं हुआ है। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए अब तक दो नामांकन सामने आए हैं।

जैसे-जैसे नामांकन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। कई प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। डोर-टू-डोर जाकर मतदाताओं से समर्थन की अपील की जा रही है, तो कहीं छोटी सभाओं और बैठकों के माध्यम से अपनी बात जनता तक पहुंचाई जा रही है।

चुनावों को लेकर गांवों में गजब का उत्साह है। लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेने के लिए लोगों में जागरूकता भी बढ़ी है। युवा वर्ग, महिलाएं और बुजुर्ग सभी इस प्रक्रिया में रुचि ले रहे हैं, जिससे ग्रामीण लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत होती नजर आ रही हैं।

पंचायत चुनावों के पहले चरण में बागेश्वर जिले में जिस प्रकार से नामांकन की संख्या बढ़ रही है, उससे यह स्पष्ट है कि ग्रामीण क्षेत्र में जनप्रतिनिधित्व को लेकर एक नई चेतना का संचार हुआ है। आने वाले दिनों में प्रचार और चुनावी गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।