March 14, 2026

पंचायत चुनाव को लेकर बागेश्वर प्रशासन अलर्ट मोड में, तैयारियां पूरीआपदा प्रबंधन से लेकर मतदान तक की हर पहलू पर विशेष निगरानी

बागेश्वर । जनपद बागेश्वर में पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है। कुल 461 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने हेतु 2565 कार्मिकों की नियुक्ति की गई है। तीन विकास खंडों के लिए तीन रिटर्निंग अधिकारी तथा जिला पंचायत सदस्य पद के लिए एक पृथक रिटर्निंग अधिकारी तैनात किया गया है। वहीं आपदा की दृष्टि से 40 बूथों को विशेष रूप से चिह्नित किया गया है, जिन पर अतिरिक्त सावधानी बरती जाएगी।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने सोमवार को जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पूरे जनपद को 15 जोनल व 61 सेक्टर में विभाजित कर प्रशासनिक निगरानी मजबूत की गई है। उन्होंने बताया कि बागेश्वर जिले में कुल 405 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 138 बूथ संवेदनशील और 60 अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। इन पर सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की जाएगी। मतदाता संख्या की बात करें तो जिले में कुल 2,03,930 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें बागेश्वर में 77,941, कपकोट में 68,080 व गरुड़ में 57,909 मतदाता शामिल हैं।

नामांकन प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी ने बताया कि यह 2 जुलाई से 5 जुलाई तक सुबह 8 से शाम 4 बजे तक संपन्न होगी। नामांकन पत्रों की जांच 7 से 9 जुलाई तक की जाएगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 11 जुलाई तय की गई है। प्रतीक चिह्न का आवंटन 14 जुलाई को होगा। मतदान प्रक्रिया 24 जुलाई को प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक चलेगी, और मतगणना 31 जुलाई को प्रातः 8 बजे से शुरू की जाएगी।

आपदा संभावित क्षेत्रों, विशेषकर कपकोट क्षेत्र में प्रशासन ने अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। कपकोट क्षेत्र को अति संवेदनशील घोषित करते हुए वहां 32 सदस्यीय एनडीआरएफ और 7 सदस्यीय एसडीआरएफ टीम को तैनात किया गया है। आपात स्थिति से निपटने हेतु तीन वैली ब्रिज भी उपलब्ध कराए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन चुनाव को लेकर पूरी तरह से सतर्क है और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

प्रेस वार्ता के दौरान अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, जिला सूचना अधिकारी क्षितिज वर्मा समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।