Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 27, 2026

प्रमाण पत्रों के लिए भटक रहे लोग, सीएससी संचालकों का तहसील में धरना


रुद्रपुर ।  तहसील क्षेत्र में जाति, स्थायी निवास, आय सहित अन्य जरूरी प्रमाण पत्रों के निस्तारण में हो रही देरी के विरोध में शुक्रवार को सीएससी वेलफेयर सोसाइटी ऊधमसिंह नगर के बैनर तले सीएससी संचालकों ने तहसील परिसर में सांकेतिक एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष सुरजीत बत्रा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे संचालकों ने प्रशासन से प्रमाण पत्रों का निस्तारण जल्द शुरू कराने की मांग उठाई। सीएससी संचालकों का कहना है कि पटवारियों की हड़ताल के चलते प्रमाण पत्रों से संबंधित कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। इससे छात्र-छात्राओं सहित आम लोगों को सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति और अन्य जरूरी सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है।कई लोग अपने प्रमाण पत्र बनवाने के लिए तहसील के चक्कर काटने को मजबूर हैं। संचालकों ने बताया कि 23 नवंबर को इस समस्या को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया था। इसमें तीन दिन के भीतर प्रमाण पत्रों के निस्तारण का कार्य शुरू कराने की मांग की गई थी, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ। इसके चलते शुक्रवार को धरना देने का निर्णय लिया गया। प्रदर्शन के दौरान संचालकों ने तहसीलदार लीना चंद्रा को दोबारा ज्ञापन सौंपा।तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि वह उच्चाधिकारियों से वार्ता कर जल्द समस्या का समाधान कराने का प्रयास करेंगी। जिला अध्यक्ष सुरजीत बत्रा ने कहा कि प्रमाण पत्रों का निस्तारण नहीं होने से सीएससी संचालकों के साथ आम जनता भी परेशान है। जिला महामंत्री कैलाश शर्मा ने कहा कि पटवारियों की हड़ताल के कारण विद्यार्थियों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सबसे अधिक दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। धरने को समर्थन देने पहुंचे आजाद समाज पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष शाहेरुम उर्फ टोनी पठान ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की। वहीं यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने भी संचालकों को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्रों के अभाव में लोगों के छात्रवृत्ति और रोजगार संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। संचालकों ने चेतावनी दी कि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया

जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में सीएससी संचालक मौजूद रहे। धरना देने वालों में इस दौरान राजकुमार वर्मा, प्रमोद सैनी, संजय सैनी, रवि पाठक, ठाकुर रामपाल सिंह, मनोज सरकार, हिमांशु सती, सागर ,आरिफ समेत काफी संख्या में सीएससी संचालक मौजूद रहे।

एक अमीन और 12 सर्किल, कैसे लगेगी रिपोर्ट
गदरपुर। तहसील क्षेत्र में लेखपालों की हड़ताल के चलते जाति, स्थायी निवास और आय सहित अन्य जरूरी प्रमाण पत्रों का निस्तारण प्रभावित हो रहा है। इसका खामियाजा अब गौरा देवी कन्या धन योजना की लाभार्थियों को भुगतना पड़ सकता है। गदरपुर तहसील क्षेत्र में एक हजार से अधिक लाभार्थियों के प्रमाण पत्र अटके हुए हैं। वहीं, शासन की गाइडलाइन के अनुसार आवेदन प्रक्रिया की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित है। ऐसे में समय पर प्रमाण पत्र नहीं बनने से कई छात्राओं के योजना के लाभ से वंचित रहने की आशंका है। लेखपालों की हड़ताल को देखते हुए जिला प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत प्रत्येक तहसील में एक-दो अमीनों को लेखपालों के पोर्टल के माध्यम से प्रमाण पत्रों पर रिपोर्ट लगाने की अनुमति दी है। हालांकि, गदरपुर तहसील क्षेत्र में 12 सर्किल होने के कारण एक अमीन के लिए सभी सर्किलों के पोर्टल पर रिपोर्ट लगाना मुश्किल हो रहा है। इससे प्रमाण पत्रों के निस्तारण की रफ्तार काफी धीमी है। दिनेशपुर निवासी लाभार्थी दिया मिर्धा ने बताया कि एक अमीन के लिए सभी 12 सर्किलों के लेखपालों के पोर्टल खोलकर रिपोर्ट लगाना संभव नहीं है। भाजपा के प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा ने बताया कि शुक्रवार को इस संबंध में डीएम से वार्ता हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

Advertisement