जनसेवा, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील पुलिसिंग की मिसाल बने एसपी जितेन्द्र मेहरा, बागेश्वर से देहरादून पुलिस मुख्यालय स्थानांतरण पर भावभीनी विदाई
बागेश्वर । जनपद में जनसेवा, अनुशासित कार्यशैली, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील पुलिसिंग की नई पहचान स्थापित करने वाले पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) का स्थानांतरण पुलिस मुख्यालय देहरादून हो गया है। जनपद में अपने सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल के बाद आज दिनांक 27 नवंबर 2026 को पुलिस कार्यालय बागेश्वर में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
अपने कार्यकाल के दौरान श्री जितेन्द्र मेहरा ने कुशल नेतृत्व, दृढ़ निर्णय क्षमता और जनहित को प्राथमिकता देते हुए जनपद की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ ही पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत बनाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किए। उनकी कार्यशैली और नेतृत्व ने जनपद पुलिस को टीम भावना, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
बीट पुलिसिंग से गांव-गांव तक मजबूत हुआ पुलिस-जन संवाद
एसपी जितेन्द्र मेहरा ने बीट पुलिसिंग को केवल अपराध नियंत्रण का माध्यम न बनाकर जनसंवाद और विश्वास कायम करने का प्रभावी जरिया बनाया। बीट अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर जनता से सीधे संपर्क स्थापित करने, गांवों में चौपाल आयोजित करने, बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों के सत्यापन तथा जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। इन प्रयासों से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक पहल हुई।
पुलिस बल के कल्याण और टीमवर्क को दी प्राथमिकता
एक कुशल नेतृत्वकर्ता के रूप में उन्होंने पुलिस बल को एक मजबूत परिवार और टीम के रूप में आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया। मासिक अपराध समीक्षा बैठकों एवं पुलिस सम्मेलनों के माध्यम से अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों की विभागीय व व्यक्तिगत समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का प्रयास किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित एवं प्रोत्साहित कर उनमें कार्य के प्रति उत्साह और जिम्मेदारी की भावना बढ़ाई गई। अपराधों के त्वरित अनावरण और लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में भी टीमवर्क को महत्वपूर्ण भूमिका मिली।
‘ऑपरेशन भल छौ’ से दुर्गम गांवों के बुजुर्गों तक पहुंची पुलिस
एसपी के निर्देशन में संचालित ‘ऑपरेशन भल छौ’ सामुदायिक पुलिसिंग और मानवीय संवेदनशीलता का उल्लेखनीय उदाहरण रहा। इस अभियान के तहत पुलिस टीमों ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों एवं बुजुर्गों के घर जाकर उनकी कुशलक्षेम पूछी, समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें पुलिस सहायता के प्रति आश्वस्त किया। इस पहल ने पुलिस की भूमिका को सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक संवेदनशीलता से भी जोड़ा।
‘ऑपरेशन प्रहार’ और ‘ऑपरेशन लगाम’ से नशे के खिलाफ सख्ती
युवाओं को नशे से बचाने और जनपद में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अवैध मादक पदार्थों एवं शराब तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। ‘ऑपरेशन प्रहार’ और ‘ऑपरेशन लगाम’ के तहत तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट, गुंडा एक्ट एवं गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी कदम उठाए गए। इसके साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया तथा मानस हेल्पलाइन 1933 के बारे में जानकारी दी गई।
साइबर अपराधों से बचाव और सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर
बदलते दौर में साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए गए। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए डबल हेलमेट अभियान, नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई तथा ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के लिए भी प्रभावी प्रयास किए गए।
बागेश्वर पुलिस परिवार ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) का जनपद बागेश्वर में कार्यकाल जनसेवा, संवेदनशीलता, अनुशासन, अपराध नियंत्रण और टीमवर्क के लिए याद किया जाएगा। उनके नेतृत्व में संचालित विभिन्न जनहितकारी पहलों ने पुलिस की जनोन्मुखी छवि को मजबूत करने में योगदान दिया।
विदाई अवसर पर बागेश्वर पुलिस परिवार ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई देते हुए पुलिस मुख्यालय देहरादून में सफल, गौरवमयी एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। साथ ही कामना की कि उनका नेतृत्व, समर्पण और कार्यशैली भविष्य में भी नई उपलब्धियों और ऊंचाइयों का मार्ग प्रशस्त करती रहे।
