आपदा प्रबंधन दिवस पर बागेश्वर में मेगा मॉक ड्रिल, नौ स्थानों पर परखी गई राहत-बचाव की तैयारियां
भूकंप से लेकर बादल फटने और भूस्खलन तक की काल्पनिक आपदाओं का किया गया अभ्यास, QRT टीमों ने संभाला मोर्चा; विभागों के बीच समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया का लिया गया जायजा
बागेश्वर। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन की स्मृति में आयोजित प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद बागेश्वर में व्यापक स्तर पर आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिले के नौ अलग-अलग स्थानों पर विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं की काल्पनिक परिस्थितियां तैयार कर प्रशासन और संबंधित विभागों की तैयारियों को परखा गया। इस दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की तत्परता, उपलब्ध संसाधनों की उपयोगिता और विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय का व्यावहारिक परीक्षण किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप, अतिवृष्टि, बादल फटना, भूस्खलन, जलभराव, अग्निकांड, आकाशीय बिजली गिरने और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी आपात परिस्थितियों का सजीव अभ्यास किया गया। आपदा की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया टीमें (QRT) तत्काल घटनास्थलों पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए। टीमों ने प्रभावितों को सुरक्षित निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा गंभीर रूप से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।
नौ स्थानों पर तैयार की गईं आपदा की अलग-अलग परिस्थितियां
अभ्यास के तहत बिलोना रोडवेज बस अड्डे पर सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने और जलभराव की स्थिति दर्शाई गई। जिम कॉर्बेट स्कूल में अग्निकांड, जिला अस्पताल में भूस्खलन तथा राजकीय इंटर कॉलेज असों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की काल्पनिक स्थिति बनाकर बचाव अभियान चलाया गया।
वहीं, कपकोट स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय में बादल फटने एवं अग्निकांड, प्राथमिक विद्यालय वज्यूला में भूकंप तथा ग्राम मवई (गरुड़) में भूकंप और भू-धंसाव की स्थिति का अभ्यास किया गया। इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज कांडा में अतिवृष्टि एवं आकाशीय बिजली गिरने तथा तहसील कार्यालय वनलेख, दुगनाकुरी में भूकंप से भवन क्षतिग्रस्त होने की स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा गया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से हुई लगातार निगरानी
मॉक ड्रिल के दौरान अपर जिलाधिकारी एवं इंसीडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (IRS) से जुड़े अधिकारियों ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से सभी नौ घटनास्थलों की लगातार मॉनिटरिंग की। घटनास्थलों पर पहुंची टीमों ने आपसी तालमेल के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित किया। सामान्य रूप से घायल व्यक्तियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने और गंभीर घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों तक पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
आपदा से निपटने के लिए तैयारियों को मजबूत करना उद्देश्य
इस व्यापक मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में प्रशासन एवं संबंधित विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखना, उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना, विभागीय समन्वय को मजबूत बनाना और आमजन की सुरक्षा के लिए तैयारियों को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।
मॉक ड्रिल के माध्यम से यह भी परखा गया कि किसी बड़ी आपदा के समय सूचना तंत्र, रेस्क्यू टीमें, स्वास्थ्य सेवाएं और प्रशासनिक मशीनरी किस प्रकार एक साथ काम करते हुए राहत एवं बचाव अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कर सकती हैं।
