March 5, 2026

उत्तराखंड में खेलों की नई उड़ान, सीएम धामी ने दिए लिगेसी प्लान पर तेज़ी से अमल के निर्देश

देहरादून । 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफलता के बाद उत्तराखंड सरकार ने राज्य में खेल संस्कृति को नई दिशा देने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं कि राष्ट्रीय खेलों के दौरान निर्मित अधोसंरचना का स्थायी और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह महज़ एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की खेल यात्रा का ऐतिहासिक मोड़ था, जिसमें राज्य ने 100 से अधिक पदक जीतकर सातवां स्थान हासिल किया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज और हल्द्वानी के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य के आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि खेल ढांचा निष्क्रिय नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं को घर के पास ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी।

धामी ने बताया कि 2021 में लागू नई खेल नीति से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है। इसमें पदक विजेताओं को प्रोत्साहन राशि, सरकारी नौकरी और छात्रवृत्तियां दी जा रही हैं। ओलंपिक विजेताओं को दो करोड़ रुपये तक की राशि दी जा रही है। इसके अलावा हल्द्वानी में बनने वाला खेल विश्वविद्यालय प्रशिक्षण, रिसर्च और कोचिंग के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा ।