March 10, 2026

छह जोनल, 22 पीठासीन, 168 मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण


बागेश्वर ।  त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर बीडी पांडे परिसर स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष भटगांई के निर्देशन में प्रशिक्षण में विकासखंड कपकोट के समस्त नामित मतदान कार्मिकों ने भागीदारी की। छह जोनल मजिस्ट्रेट और 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित कुल 168 पीठासीन अधिकारी, 168 मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा चतुर्थ मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। शनिवार को सैद्धांतिक और व्यवहारिक प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स ने प्रतिभागियों को मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, मतदान से पूर्व की तैयारी, मतदान के दौरान की जाने वाली गतिविधियां और मतदान के बाद की आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण सत्र के दौरान मतदान सामग्री की सूची का सत्यापन, आवश्यक प्रपत्रों की पूर्ति, मतदान अभिकर्ता की नियुक्ति, पीठासीन अधिकारी की डायरी का संधारण, मतपत्र लेखा और पेपर सील लेखा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में नोडल प्रशिक्षण सीईओ गजेंद्र सिंह सोन, डीडीओ संगीता आर्या, मास्टर ट्रेनर दीप चंद्र जोशी और डॉ. राजीव जोशी आदि उपस्थित रहे।