बागेश्वर में 24, कपकोट-गरुड़ में 14-14 टेबल पर होगी मतगणना
बागेश्वर । त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को विकास भवन सभागार में मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में रिजर्व सहित कुल 118 मतगणना पर्यवेक्षक एवं 472 मतगणना सहायक सम्मिलित हुए। मतगणना हेतु बागेश्वर में 24 टेबल, जबकि कपकोट और गरुड़ में 14-14 टेबलें लगाई जाएंगी। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक और चार मतगणना सहायक तैनात रहेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष भटगांई ने कर्मचारियों से कहा कि वह प्रशिक्षण को गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का अंतिम एवं सबसे महत्वपूर्ण चरण है, अतः इसमें सभी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। मतगणना कार्य को संयम, सतर्कता और निष्पक्षता के साथ सम्पन्न करें, तांकि जनप्रतिनिधियों के निर्वाचन में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। मास्टर ट्रेनर राजीव जोशी ने मतगणना की सम्पूर्ण प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने मत पत्रों की छंटाई, वैध एवं अवैध मतों की पहचान, मतपेटी खोलने की प्रक्रिया, प्रत्याशीवार मतपत्रों की वर्गीकरण और मतपत्र लेखा प्रारूप के अनुसार मिलान की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान मतपेटी खोलने का डेमो भी प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरसी तिवारी, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, मुख्य शिक्षा अधिकारी गजेंद्र सिंह सोन, आरओ, एआरओ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
