March 14, 2026

जिला पंचायत बागेश्वर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

बागेश्वर । जिले के विकास भवन सभागार में सोमवार, 1 सितम्बर 2025 को जिला पंचायत बागेश्वर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भारी वर्षा के बावजूद कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व आमजन का उत्साह देखने योग्य रहा।

समारोह का शुभारम्भ जिलाधिकारी आशीष भटगांई द्वारा किया गया। उन्होंने लोकतंत्र की परंपरा को साकार करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष शोभा आर्या एवं उपाध्यक्ष को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। तत्पश्चात अध्यक्ष महोदया ने मंच से नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर कुल 12 सदस्यों ने विधिवत शपथ ली, जबकि शेष 07 सदस्य आगामी 6 सितम्बर को प्रस्तावित प्रथम बोर्ड बैठक में शपथ ग्रहण करेंगे।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी भटगांई ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतंत्र की जड़ पंचायतों में होती है और ये संस्थाएं ग्रामीण क्षेत्र के विकास की धुरी हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन प्रत्येक स्तर पर पंचायतों को सहयोग करेगा और सामूहिक प्रयासों से जिले को प्रगतिशील दिशा प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम में जिले की राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक हस्तियों की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया, बागेश्वर विधायक पार्वती दास, दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवन्त सिंह भौर्याल, पूर्व विधायक शेर सिंह गढ़िया, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नवनिर्वाचित पंचायत सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और जिले के विकास में उनके योगदान की अपेक्षा जताई।

समारोह का संचालन अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत अनिल जोशी ने किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और सौहार्द का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। यह शपथ ग्रहण समारोह न केवल लोकतांत्रिक परंपरा का उत्सव बना, बल्कि जिले की नई पंचायत टीम के लिए विकास की दिशा में सामूहिक संकल्प का मंच भी साबित हुआ।