नगर क्षेत्र के न्यू बस अड्डे में लगाया हाट बाजार
रुद्रप्रयाग, ( आखरीआंख ) हर रविवार की भांति साप्ताहिक हाट बाजार का आयोजन न्यू बस अड्डा रुद्रप्रयाग में किया गया, जिसमें जिलाधिकारी मंगेश घिल्ड़ियाल, मुख्य कृषि अधिकारी एवं अन्य प्रगतिशील कृषकों ने प्रतिभाग किया। हाट बाजार में प्रगतिशील कृषक कपिल शर्मा ने चालीस किलोग्राम स्थानीय उत्पादित मटर, प्रगतिशील कृषक जीत सिंह नेगी द्वारा पांच किलोग्राम रेंस की दाल, पांच किलोग्राम सोयाबीन एवं दो किलोग्राम गेंदा फूल एवं अन्य प्रगतिशील कृषकों ने स्थानीय उत्पादित उत्पादों का विक्रय किया गया। पिछले माह 18 जनवरी को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हाट बाजार का लोकार्पण किया था। पूर्व में साप्ताहिक हाट बाजार का आयोजन गुलाबराय मैदान में आयोजित किया जा रहा था, मगर गुलाबराय मैदान में ग्राहकों की उपलब्धता कम होने के कारण साप्ताहिक हाट बाजार का आयोजन अब हर रविवार से न्यू बस अड्डा रुद्रप्रयाग में किया जा रहा है। हाट बाजार का उद्देश्य जनपद के कृषकों को उत्पादित उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराना है, जिससे प्रगतिशील कृषकों को लागत एवं कृषकों की आय में वृद्धि की जा सके। इस अवसर पर अनिल रावत, नरेन्द्र बिष्ट, सागर पुण्डीर, देवेन्द्र सिंह पंवार सहित अन्य लोगों ने हाट बाजार खुलने पर जिलाधिकारी एवं मुख्य कृषि अधिकारी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि न्यू बस अड्डे पर ग्रामीण जनता का आना-जाना लगा रहता है। इस स्थान से बच्छणस्यूं, रानीगढ़, धनपुर पट्टी के ग्रामीणों का टैक्सी प्वाइंट है। हर दिन ग्रामीण बाजार पहुंचते हैं। ऐसे में जरूरी है कि सप्ताह में एक दिन हाट बाजार के जरिये स्थानीय लोगों को ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पादित सामाग्री को उपलब्ध कराया जाय। शहरों में लोग बाहरी प्रदेशों से आनी वाली सब्जी, दाल का प्रयोग कर रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि हाॅट बाजार के जरिये उन्हें शुद्ध पहाड़ी सब्जी व दाल उपलब्ध कराई जाय।
