देश में वोट चोरी कर जीत रही है भाजपा: कांग्रेस
ऋषिकेश । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर कांग्रेस ने वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय डोईवाला में कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार पर मतदाता सूची से छेड़छाड़ और वोट चोरी करने का आरोप लगाकर इसके विरोध में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि कर्नाटक और महाराष्ट्र में कॉल सेंट्रो के जरिए वोट चोरी कराई गई। एक ही पते पर हजारों वोट जोड़ दिए गए और मतदाता सूची से असली वोट काट दिए गए। उन्होंने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री पर भी सीधे तौर पर वोट चोरी कराने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि यह सिर्फ धांधली नहीं, बल्कि लोकतंत्र पर सीधा हमला है। जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर ने कहा कि मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है। लाखों वोट काटकर भाजपा को लाभ पहुंचाया गया और चुनाव आयोग मूकदर्शक बना रहा। कांग्रेस की मांग है कि मतदाता सूची की पारदर्शी जांच कराई जाए। ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि कांग्रेस गांव-गांव और वार्ड-वार्ड में हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। यह सिर्फ एक आंदोलन नहीं, बल्कि लोकतंत्र बचाने का संकल्प है। जनता भाजपा के असली चेहरे को पहचान चुकी है। नगर अध्यक्ष करतार सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा जनता का विश्वास खो चुकी है और सत्ता में बने रहने के लिए वोट चोरी का सहारा ले रही है। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अश्विनी बहुगुणा ने कहा कि भाजपा ने जनादेश चुराकर लोकतंत्र की हत्या की है। अब जनता वोट चोरों को गद्दी से उतारकर जवाब देगी। इस दौरान भाजपा के इस कृत्य के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चला लोगों को जागरूक किया गया। कहा कि यह अभियान 15 अक्तूबर तक चलता रहेगा।
