Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 20, 2026

बागेश्वर में क्रैश बैरियर पर डीएम सख्त, समिति गठित

बागेश्वर । जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के ब्लैक स्पॉट, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के चिन्हीकरण, सड़कों को गड्ढा मुक्त करने तथा प्रवर्तन की कार्यवाही आदि विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को शीघ्रातिशीघ्र सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बैजनाथ–ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब स्थिति को देखते हुए 66 आरसीसी के अधिकारियों को तत्काल सड़क दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

क्रैश बैरियर लगाने के कार्य में गुणवत्ता को लेकर आ रही शिकायतों पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी की देखरेख में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में आरटीओ, पुलिस एवं पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की एक समिति गठित करने के निर्देश दिए, जो निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करेगी। बैठक में संभागीय परिवहन अधिकारी के विलंब से पहुंचने पर जिलाधिकारी ने नाराज़गी व्यक्त की।

बैठक में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अमित पटेल ने बताया कि जनपद में वर्तमान में कोई ब्लैक स्पॉट चिन्हित नहीं है। परिवहन विभाग द्वारा अगस्त माह तक ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग एवं अन्य उल्लंघनों में 236 चालान किए गए तथा 04 लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। जनपद में वर्तमान में 21 एम्बुलेंस उपलब्ध हैं। साथ ही, परिवहन विभाग और पुलिस विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नब्याल, अधिशासी अभियंता (पीडब्ल्यूडी) संजय पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement