बागेश्वर में बैक करते समय बोलेरो खाई में गिरी, चालक की मौत
बागेश्वर । कपकोट तहसील के लीती गांव में बैक करते समय एक बोलेरो जीप खाई में गिर गई। इस हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव के लोग उन्हें जिला अस्पताल लाए। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिला अस्पताल के अनुसार रविवार सुबह लीती गांव निवासी 27 वर्षीय चालक डिगर सिंह पुत्र लाल सिंह अपनी बोलेरो जीप को बैक कर रहे थे। इसी दौरान जीप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन तथा आसपास के लोग उसे जिला अस्पताल लाए। प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर की कार्यवाही चल रही थी। इसी दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। पोस्टमार्टम के लिए शव को मॉर्चरी में रख दिया है। मृतक का एक और भाई है। वह परिवार के एकमात्र कमाऊ आदमी थे। इसकी मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। कोतवाल अनिल उपाध्याय ने बताया कि मामले में किसी ने पुलिस में कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त वाहन में सिर्फ चालक ही था।
