March 4, 2026

डीएम आकांक्षा कोंडे ने किया माइनिंग स्थलों का औचक निरीक्षण

उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के दिए सख्त निर्देश

बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने गुरुवार को रीमा क्षेत्र के विभिन्न माइनिंग स्थलों का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा के उद्देश्य से की गई।

निरीक्षण के दौरान डीएम कोंडे ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि खनन कार्यों में उच्च न्यायालय के आदेशों का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पुराने स्टॉक के निस्तारण में भी कोर्ट के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन अनिवार्य है।

डीएम ने माइनिंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनका डेटा बैकअप नियमित रूप से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए, ताकि खनन गतिविधियों की सतत निगरानी हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि वेस्ट मटेरियल को निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही रखा जाए, जिससे पर्यावरणीय संतुलन बना रहे।

निरीक्षण के दौरान डीएम आकांक्षा कोंडे सुरकाली गांव भी पहुंचीं, जहां उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि नियमानुसार उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित फील्ड विजिट करें और जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।

इस मौके पर एसडीएम प्रियंका रानी, खनन अधिकारी नाजिया हसन सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।