March 4, 2026

एसपी बागेश्वर के कुशल नेतृत्व में नशा तस्करों पर लगातार शिकंजा, दो गिरफ्तार – लाखों की अवैध चरस और स्मैक बरामद

बागेश्वर। उत्तराखण्ड सरकार द्वारा प्रदेश को वर्ष 2025 तक “नशामुक्त उत्तराखण्ड” बनाने के लक्ष्य के तहत बागेश्वर पुलिस लगातार सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रशेखर घोडके के कुशल नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी श्री अजय लाल साह के पर्यवेक्षण में पुलिस द्वारा दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए जनपद में मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु विशेष चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत एसओजी बागेश्वर ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की है।

पहली कार्रवाई — 1.040 किलो चरस के साथ 53 वर्षीय तस्कर गिरफ्तार

दिनांक 23 अक्टूबर 2025 को एसओजी बागेश्वर टीम ने चैकिंग के दौरान पन्द्रपाली तिराहा के पास से एक व्यक्ति को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 1.040 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान खीम सिंह पुत्र मलक सिंह निवासी कर्मी सापुली थाना कपकोट जनपद बागेश्वर (उम्र 53 वर्ष) के रूप में हुई। बरामद अवैध चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में कोतवाली बागेश्वर में मु. FIR नं.-67/25 धारा 08/20/29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया।

दूसरी कार्रवाई — 4.34 ग्राम स्मैक के साथ 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार

अभियान के अगले दिन, 24 अक्टूबर 2025 को एसओजी और कोतवाली बागेश्वर की संयुक्त टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। काण्डा रोड स्थित छतीना बन विभाग बैरियर के पास चैकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक को पकड़ा, जिसके पास से 4.34 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई।
गिरफ्तार युवक की पहचान अभिषेक वर्मा पुत्र दीपक वर्मा निवासी काण्डा पड़ाव थाना काण्डा जनपद बागेश्वर (उम्र 22 वर्ष) के रूप में हुई। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 80 हजार रुपये आँकी गई है।
इस संबंध में कोतवाली बागेश्वर में मु. FIR नं.-68/25 धारा 08/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम

  1. निरीक्षक श्री सलाउद्दीन खान – प्रभारी एसओजी
  2. उ.नि. नितिन बहुगुणा – कोतवाली बागेश्वर
  3. कानि. कैलाश तिरुवा – कोतवाली बागेश्वर
  4. कानि. संतोष सिंह – एसओजी
  5. कानि. रमेश सिंह – (ANTF/एसओजी)
  6. कानि. भुवन बोरा – एसओजी
  7. कानि. राजेन्द्र कुमार – एसओजी

पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रशेखर घोडके ने टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए पूरे दल को ₹2,500 का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।

“नशे के सौदागरों के लिए नहीं बचेगी कोई जगह” — एसपी बागेश्वर

एसपी बागेश्वर ने कहा कि दीपावली त्यौहार के दृष्टिगत चलाया जा रहा यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार करना ही नहीं, बल्कि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से मुक्त करना भी है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि किसी को भी अपने क्षेत्र में नशे से संबंधित कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

बागेश्वर पुलिस का संकल्प

“नशा मुक्त उत्तराखण्ड – सुरक्षित समाज की ओर”
बागेश्वर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे की तस्करी व कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।