September 23, 2026

जिला खनन निरोधक दल की बैठक में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने दिए सख्त निर्देश — “ड्रोन सर्वे और समन्वित कार्रवाई से रुकेगा अवैध खनन”

बागेश्वर । कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में जिला अवैध खनन निरोधक दल की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद के खनन स्थलों की वर्तमान स्थिति, अब तक की गई कार्यवाहियों तथा आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए समयबद्ध निरीक्षण, विभागीय समन्वय और ड्रोन सर्वेक्षण ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उच्च न्यायालय के आदेशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए और खनन स्थलों की निगरानी को तकनीकी साधनों से सशक्त बनाया जाए।

ड्रोन सर्वे के लिए समिति गठन के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इससे खनन गतिविधियों पर रीयल-टाइम निगरानी संभव होगी और साक्ष्य आधारित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। साथ ही उन्होंने सभी विभागों को खनन से होने वाले पर्यावरणीय और भौतिक नुकसान की नियमित रिपोर्टिंग करने को कहा।

जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई विभाग को सड़कों की क्षति संबंधी रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने और जल संस्थान विभाग के अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़खे, एडीएम एन.एस. नबियाल, एसडीएम प्रियंका रानी, ए.आर.टी.ओ अमित कुमार, जिला खान अधिकारी नाजिया हसन सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने कहा — “जनहित में पारदर्शी और सतत निगरानी हमारी प्राथमिकता है। अवैध खनन किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”