March 3, 2026

साउथ अफ्रीका में लापता हुए बागेश्वर के नंदन सिंह, 10 दिन से नहीं मिला कोई सुराग – परिजनों ने राज्य सरकार से लगाई गुहार

गरुड़ (बागेश्वर)। जिले के गरुड़ विकासखंड के कौलाग गांव निवासी नंदन सिंह दोसाद (37 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय हेम सिंह, जो मर्चेंट नेवी की स्कॉर्पियो कंपनी में कार्यरत हैं, बीते 16 अक्टूबर से लापता हैं। परिजनों ने राज्य सरकार से मदद की गुहार लगाई है और रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, नंदन सिंह साउथ अफ्रीका में तैनात थे। 16 अक्टूबर को कंपनी की ओर से परिजनों को सूचना मिली कि जहाज पर चढ़ने के दौरान उपयोग की जा रही छोटी बोट समुद्र की ऊँची लहरों में पलट गई, जिसमें नंदन सिंह सहित अन्य लोग भी लापता हो गए। तब से लेकर अब तक न तो कंपनी और न ही किसी अन्य माध्यम से उनका कोई पता चल पाया है।

परिजनों ने बताया कि कंपनी से लगातार संपर्क किया जा रहा है, लेकिन हर बार सिर्फ इतना कहा जा रहा है कि रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। परिजन इस बात से बेहद व्यथित हैं कि कई दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।

लापता नंदन सिंह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं। उनके पीछे पत्नी गीता देवी, दो छोटे पुत्र — ऋतिक (9 वर्ष) और भावेश (6 वर्ष) — तथा वृद्ध माता हीरा देवी (70 वर्ष) हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी गीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं वृद्ध माता हीरा देवी लगातार अधिकारियों और सरकार से अपने पुत्र को खोज निकालने की गुहार लगा रही हैं।

परिवार के सदस्यों का कहना है कि राज्य सरकार को इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करते हुए भारत सरकार और भारतीय दूतावास के माध्यम से साउथ अफ्रीका में रेस्क्यू अभियान तेज करवाना चाहिए। परिजनों ने यह भी आशंका जताई है कि देरी से चल रहे अभियान के चलते किसी अनहोनी की संभावना बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों और आसपास के लोगों ने भी सरकार से अपील की है कि कौलाग निवासी नंदन सिंह दोसाद को जल्द से जल्द खोजा जाए और परिवार को हर संभव मदद प्रदान की जाए। पूरे क्षेत्र में इस घटना से गम और चिंता का माहौल है।

You may have missed