March 5, 2026

पहले ढोल बजाता था, अब मैं खुद ढोल हूं : हरीश रावत


रुद्रपुर ।  पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राज्य की जनता अब सरकार परिवर्तन का मन बना चुकी है। वर्तमान सरकार हर क्षेत्र में असफल रही है। कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारी ऊर्जावान हैं और वे जनभावनाओं को समझकर जनादेश कांग्रेस के पक्ष में मोड़ने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश कांग्रेस संगठन जो भी भूमिका तय करेगा, वह उसे निभाने को तैयार हैं, ताकि प्रदेश में पूर्ण बहुमत से कांग्रेस की सरकार बन सके। मुस्कराते हुए कहा कि पहले मैं ढोल बजाता था, अब मैं खुद ढोल हूं। गुरुवार को सितारगंज में वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामनगीना के आवास पर पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व सीएम रावत ने राष्ट्रीय कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि गहन मंथन के बाद प्रदेश में नई टीम गठित की गई है, जो आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करेगी। रावत ने कहा कि प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार से आक्रोशित है, समाज का हर वर्ग परेशान है और अब परिवर्तन की लहर चल पड़ी है। बताया कि 16 नवंबर को कांग्रेस कार्यकर्ता नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के कार्यभार ग्रहण समारोह में देहरादून पहुंचेंगे। उन्होंने विधायक तिलकराज बेहड़ को कांग्रेस का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि उनके सभी सवालों का समाधान किया जाएगा। रावत ने कहा कि राज्यवासियों का किसी भी रूप में उत्पीड़न या अत्याचार अस्वीकार्य है। बंगाली समाज से संबंधित उत्पीड़न की शिकायतों को कांग्रेस संगठन गंभीरता से लेगा। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामनगीना प्रसाद की पत्नी, अख्त्यार अहमद पटौदी के पुत्र और मुगनी अहमद के पिता के निधन पर उनके आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस मौके पर नगर अध्यक्ष सरताज अहमद, मंडी समिति के पूर्व चेयरमैन हरपाल सिंह, केडी पलड़िया, बलवंत बोरा, वरिष्ठ अधिवक्ता बी.सी. कांडपाल, एडवोकेट दयानंद सिंह, बिपिन खोलिया, रंजीत सिंह, दलबाग सिंह और सरताज अली मौजूद रहे।