April 19, 2026

निराश्रित गोवंशीय की सटीक संख्या उपलब्ध कराएं


बागेश्वर ।  जनपद में निराश्रित रूप से विचरण कर रहे गोवंशीय पशुओं की समस्या के समाधान और प्रभावी प्रबंधन को लेकर मंगलवार को डीएम आकांक्षा कोंडे ने जिला सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें निराश्रित गोवंशीय पशुओं की वर्तमान स्थिति, उनके संरक्षण, प्रबंधन तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि आवारा गोवंशीय पशुओं के कारण खेती-किसानी को भारी नुकसान हो रहा है तथा समय रहते ठोस कदम न उठाए जाने पर समस्या और गंभीर हो सकती है। सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वे कर निराश्रित गोवंशीय पशुओं की सटीक संख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि इसके आधार पर प्रभावी योजना तैयार की जा सके। उन्होंने अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को मॉडल इस्टीमेट के अनुरूप जिले की तीनों गौशालाओं के विस्तारीकरण हेतु शीघ्र एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बागेश्वर एवं कपकोट के उपजिलाधिकारियों को नवीन गोशाला स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर गोवंश छोड़ने वालों की पहचान कर पुलिस के माध्यम से उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी केके जोशी सहित तीनों नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।