बागेश्वर के युवक ने गुजरात में की आत्महत्या
बागेश्वर । कपकोट थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़ेत गांव के एक युवक ने गुजरात में खुदकशी कर ली। गुजरात पुलिस ने इस बात की जानकारी कपकोट थाना पुलिस को दी। पुलिस ने परिजनों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिजन गुजरात रवाना हो गए। छह महीने पहले ही वह नौकरी के लिए गुजरात गया था। एकलौते चिराग के बुझने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। कपकोट थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की रात 19 वर्षीय दिनेश सिंह पुत्र आनंद सिंह निवासी ग्राम बडेत हरसिंघाबगड़ ने गुजरात में खुदकशी कर ली। वह छह महीने पहले ही राज्य के थाना विठलापुर जिला अहमदाबाद में प्राइवेट नौकरी करता था। घटना की जानकारी गुजरात पुलिस ने कपकोट थाना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि उन्हें गुजरात पुलिस ने दिनेश सिंह के आत्महत्या करने की बात बताई। उनके परिजनों को इस बात की जानकारी दे दी है। ग्रामीणों के अनुसार परिजन मंगलवार को गुजरात रवाना हो गए हैं। मृतक अपने घर का एकलौता चिराग है। दो बहनों में एक की शादी हो गई है, जबकि एक की होनी है। इंटर की परीक्षा पास करने के बाद दिनेश हल्द्वानी गया। एक साल वहां बार में नौकरी की। इसी दौरान उसकी किसी व्यक्ति से जान-पहचान बढ़ी। उसी के साथ वह छह महीने पहले गुजरात गया। घटना के बाद से गांव में शोक की लहर है।
