March 5, 2026

4.01 ग्राम स्मैक के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार, बागेश्वर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बागेश्वर। उत्तराखण्ड को “नशामुक्त उत्तराखण्ड” बनाने की दिशा में चलाए जा रहे अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड के निर्देशों एवं पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चन्द्रशेखर घोड़के के नेतृत्व में जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बागेश्वर कोतवाली पुलिस ने 4.01 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 दिसंबर 2025 को प्रभारी कोतवाली बागेश्वर उपनिरीक्षक खष्टी बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत आरे–द्यागड़ बाइपास रोड के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4.01 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई।

पुलिस ने मौके पर ही आरोपी अनिल कुमार पुत्र जगदीश राम, निवासी घटबगड़ वार्ड, थाना एवं जिला बागेश्वर, उम्र 21 वर्ष को स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली बागेश्वर में मु0अ0स0 संख्या 79/2025, धारा 08/21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद को नशे के जाल से मुक्त कराने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। नशा तस्करों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।