Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

पनुवानौला पार्किंग निर्माण में देरी पर जिलाधिकारी नाराज, प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश


अल्मोड़ा । मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत पनुवानौला में प्रस्तावित पार्किंग निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अब तक अपेक्षित प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित प्रस्ताव को पोर्टल पर अपलोड करने से पहले सभी आवश्यक औपचारिकताएं और विभागीय प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रस्ताव अपलोड करने से पूर्व वन विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उसका परीक्षण भी करा लिया जाए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति के कारण अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ निर्धारित समयसीमा में समस्त कार्यवाही पूरी कर पार्किंग निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि पनुवानौला क्षेत्र में पार्किंग बनने से स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी, इसलिए इस कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप धौलाखंडी, कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement