युवा जन संवाद कार्यक्रम के तहत अल्मोड़ा पहुंचे आशीष नेगी, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार पर उठाए सवाल
अल्मोड़ा । उत्तराखंड क्रांति दल के युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी के गुरुवार को अल्मोड़ा आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। चौहानपाटा गांधी पार्क और शहीद स्मारक पर कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कुमाऊं क्षेत्र में चल रहे युवा जन संवाद कार्यक्रम के तहत आशीष नेगी विभिन्न कस्बों में नुक्कड़ सभाएं करते हुए अल्मोड़ा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा बेरोजगारी से जूझ रहा है और पेपर लीक तथा भ्रष्टाचार के मामलों ने युवाओं को निराश किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी लोगों को रोजगार दिए जाने से स्थानीय युवाओं में हताशा बढ़ रही है। आशीष नेगी ने कहा कि राज्य के संतुलित विकास में स्थायी राजधानी का अभाव एक बड़ी बाधा है। उन्होंने मूल निवास 1950 लागू करने, प्रदेश की संस्कृति और भाषा के संरक्षण जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। साथ ही युवाओं से उत्तराखंड क्रांति दल से जुड़कर अपनी आवाज मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान वह कोसी बाजार, रनमन, मनान और सोमेश्वर में भी पहुंचे, जहां नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से युवाओं से संवाद किया। इस मौके पर कुलदीप रावत, आयुष रावत, गौरव जोशी, रवि नेगी, पंकज कपकोटी, विनीत बोरा, राजेंद्र मलकानी, रघुवर सिंह भाकुनी, नरेंद्र सिंह बिष्ट, गिरीश नाथ गोस्वामी, दिनेश जोशी, पान सिंह रावत, आनंद बोरा, दीपा जोशी, मोहित शाह, किरण मेहरा, सुजीत टम्टा और जगदीश जोशी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
