हाय रे उत्ताखण्ड की बेरोजगारी !! नौकरी के आगे डिग्री लाचार!!
आउटसोर्सिंग के माध्यम से होने वाली 15 हजार की नौकरी के लिए बीए, एमए की पढ़ाई पूरी कर चुके युवा अब आठवीं पास बनकर कर रहे आवेदन
हल्द्वानी । उत्तराखंड में नौकरी पाने के लिए उच्च शिक्षित युवा डिग्रियां छिपाकर खुद को ‘आठवीं पास’ दिखा रहे हैं। ताजा मामला शिक्षा विभाग में निकली परिचारक, स्वच्छक और सह-चौकीदार के 2364 पदों का है। आउटसोर्सिंग के माध्यम से होने वाली 15 हजार की नौकरी के लिए बीए, एमए की पढ़ाई पूरी कर चुके युवा अब आठवीं पास बनकर आवेदन कर रहे हैं। इन दिनों राज्य के युवा स्कूलों में आठवीं की अंकतालिका लेने पहुंच रहे हैं। दरअसल, राज्य के स्कूलों में परिचारक, स्वच्छक और सह-चौकीदार के पदों के लिए रोजगार प्रयाग पोर्टल के माध्यम से भर्ती निकाली गई है। पांच मार्च ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि तय की गई है। अबकी बार आवेदन में उच्च शिक्षा की डिग्री स्वीकार नहीं की जा रही है। ऐसे में उच्च शिक्षित युवा आठवीं पास अंकतालिका लगाकर आवेदन कर रहे हैं। राजकीय उच्चर माध्यमिक विद्यालय गौजाजाली के प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ. विवेक पांडे ने बताया कि स्कूल में छात्र आठवीं की अंकतालिका लेने के लिए आ रहे हैं।
केस 01: धारी ब्लाक के चुरीगाड़ के रहने वाले जितेन्द्र सिंह ने हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई 48 फीसदी अंकों के साथ पास की है। वह अभी गांव में रहते हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग में स्वच्छक, चौकीदार के लिए आई भर्ती में उन्होंने भी आवेदन किया। पहले उन्होंने बीए पास के दस्तावेज ऑनलाइन लगाए। इसे अस्वीकार कर दिया। फिर स्कूल से आठवीं पास की अंकतालिका लगाई। फिर नौकरी के लिए आवेदन हो पाया।
केस 02: हल्द्वानी के बरेली रोड तीन पानी निवासी मीना शर्मा ने डीएसबी परिसर नैनीताल से पीजी की पढ़ाई पूरी की है। इन पदों पर आवेदन करने लिए वह भी करीब 20 साल बाद अपने स्कूल में आठवीं की अंकतालिका लेने पहुंची। उन्होंने बताया कि न्यूनतम योग्यता पांचवी पास है लेकिन आठवीं की अंकतालिका लगाने के बाद उनका आवेदन पूरा हो गया।
इस जिले में इतने पद: पौड़ी गढ़वाल 340, टिहरी गढ़वाल 268, अल्मोड़ा 254, नैनीताल 208, पिथौरागढ़ 197, देहरादून 195, यूएसनगर 182, चमोली 179, उत्तरकाशी 135, चंपावत 120, रूद्रप्रयाग 106, हरिद्वार 91, बागेश्वर 89।
इनका कहना: पद के सापेक्ष ही योग्यता तय की है। ऐसा नहीं करने पर अधिक योग्यता वाले युवा आवेदन करते हैं फिर वह नौकरी नहीं करते। इस बार ऑनलाइन आवेदन में न्यूनतम योग्यता पांचवी तय की है। जबकि आठवीं की अंकतालिका लगाने पर आवेदन हो रहा है। इससे अधिक योग्यता पर आवेदन स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं।
– ममता नेगी चौहान, रोजगार अधिकारी, रोजगार प्रयाग पोर्टल उत्तराखंड
