एक क्लिक में मिलेगी सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के मामलों की जानकारी
नैनीताल । जिला बार एसोसिएशन नैनीताल में गुरुवार को आधुनिक तकनीक से लैस डिजिटल ई-लाइब्रेरी का शुभारंभ जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी ने किया। इस लाइब्रेरी के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट समेत देशभर के हाईकोर्ट से जुड़े 27 लाख से अधिक मामलों का डेटाबेस आसानी से प्राप्त हो सकेगा। जिला न्यायाधीश ने इसे अधिवक्ताओं व वादकारियों दोनों के लिए आवश्यक बताया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भगवत प्रसाद ने बताया कि ई-लाइब्रेरी से अधिवक्ताओं के शोध कार्य में व्यापक सहायता और समय की बचत होगी। सचिव दीपक रूवाली ने कहा कि यह ई-लाइब्रेरी अत्याधुनिक एआई फीचर से लैस है, जिसमें सिविल, क्रिमिनल, सर्विस, ट्रिब्यूनल व एनआई एक्ट से जुड़े मामलों पर प्रश्न पूछने पर त्वरित व सटीक उत्तर मिलेंगे। साथ ही याचिकाओं और प्रार्थना पत्रों की ड्राफ्टिंग में भी यह अत्यंत उपयोगी होगी। यहां उपाध्यक्ष शंकर सिंह चौहान, वरिष्ठ अधिवक्ता मान सिंह बिष्ट, हरिशंकर कंसल, मनीष मोहन जोशी, राजेश चंदोला, सुशील शर्मा, पंकज बिष्ट, प्रीति साह, मंजू कोटलिया, बलवंत सिंह थलाल, हरीश भट्ट, प्रदीप परगाई, चंद्रेश ममगई आदि रहे।
