होली से पहले बैजनाथ पुलिस सख्त, नशे में वाहन दौड़ाने वाले दो युवक गिरफ्तार
गरुड़, बागेश्वर। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और हुड़दंग मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद बागेश्वर पुलिस ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने शराब के नशे में खतरनाक तरीके से मोटरसाइकिल चलाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर उनकी मोटरसाइकिलें सीज कर दीं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में स्पष्ट संदेश गया है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के साथ किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
पुलिस के अनुसार नियमित चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिल सवार युवक सड़क पर लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए पाए गए। जांच में दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि होने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राकेश कुमार पुत्र बद्री राम निवासी ग्वाड़ पजेना तथा पवन भण्डारी पुत्र कैलाश भण्डारी निवासी ग्राम कज्यूली को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के वाहनों को मौके पर ही सीज कर उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि होली खुशियों और सौहार्द का पर्व है, इसे हुड़दंग या अराजकता का माध्यम बनाने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में मोबाइल पुलिस टीमें और इंटरसेप्टर लगातार गश्त कर रहे हैं तथा यदि कोई भी व्यक्ति शराब पीकर वाहन चलाते या सार्वजनिक शांति भंग करते पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित और जिम्मेदार तरीके से होली का त्योहार मनाएं।
