कोलतुलारी गाँव में टला बड़ा हादसा, फायर यूनिट का आग पर काबू
गरुड़, बागेश्वर। जनपद में आपदा प्रबंधन को लेकर पुलिस प्रशासन की सतर्कता का प्रभाव अब ज़मीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा द्वारा दिए गए ‘क्विक रिस्पॉन्स’ के निर्देशों के तहत फायर सर्विस लगातार संवेदनशील घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में शनिवार देर रात देवनाई क्षेत्र के कोलतुलारी गाँव में लगी भीषण आग पर फायर यूनिट गरुड़ ने समय रहते काबू पाकर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 01 मार्च 2026 की रात्रि लगभग 10:01 बजे फायर स्टेशन गरुड़ को सूचना मिली कि देवनाई स्थित कोलतुलारी गाँव में अचानक भीषण आग लग गई है, जो तेज हवाओं के कारण तेजी से फैलते हुए आबादी की ओर बढ़ रही है। आसपास रिहायशी मकानों की मौजूदगी के कारण स्थिति अत्यंत संवेदनशील बन गई थी। सूचना मिलते ही फायर यूनिट गरुड़ बिना विलंब के घटनास्थल के लिए रवाना हो गई और मौके पर पहुँचकर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
घटनास्थल पर पहुँचने पर फायर कर्मियों ने पाया कि आग गौशाला के समीप रखे घास के लुट्टों (ढेर) में लगी हुई थी, जो हवा के तेज झोंकों के कारण विकराल रूप ले रही थी। फायर यूनिट ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए मिनी हाई प्रेशर तथा एम.एफ.ई. (MFE) के माध्यम से लगातार पंपिंग कर आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने आग को पूरी तरह बुझा दिया और उसे आसपास के रिहायशी घरों तथा गौशाला तक फैलने से रोक लिया।
फायर यूनिट की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक और फायर सर्विस की मुस्तैदी की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। प्रशासन की इस सक्रियता को क्षेत्र में आपदा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था का सशक्त उदाहरण माना जा रहा है।
