March 3, 2026

होली पर्व से पहले बागेश्वर में सख्त सुरक्षा घेरा, एसपी जितेन्द्र मेहरा के नेतृत्व में पुलिस-राजस्व-आबकारी की बड़ी संयुक्त कार्रवाई


बागेश्वर। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के कुशल नेतृत्व और सख्त निर्देशों के तहत बागेश्वर पुलिस, राजस्व विभाग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने नगर के व्यस्तम क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान केमू स्टेशन और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाते हुए यात्री बसों, टैक्सियों तथा संदिग्ध वाहनों की बारीकी से जांच की गई, जिससे अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा अपनाई गई “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी अराजक तत्व के खिलाफ कठोर कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने केमू स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए कई वाहनों के चालान भी काटे गए, ताकि नियमों की अवहेलना करने वालों को स्पष्ट संदेश मिल सके।
त्योहार के मद्देनजर सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। टीम ने होटल, ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तथा अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। साथ ही बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्रैकडाउन” को भी तेज कर दिया गया है, जिसकी निगरानी स्वयं एसपी जितेन्द्र मेहरा द्वारा की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी भय के होली पर्व का आनंद लें, साथ ही व्यापारियों और मकान मालिकों को सख्त हिदायत दी कि बिना पुलिस सत्यापन के किसी भी अज्ञात व्यक्ति को ठहरने की अनुमति न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तुरंत 112 पर सूचना देने का आग्रह भी किया गया है।
यह व्यापक अभियान कोतवाली बागेश्वर पुलिस, आबकारी निरीक्षक तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त मुस्तैदी से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि जनपद में त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा, ताकि “सुरक्षित पर्व, सुरक्षित बागेश्वर” की परिकल्पना साकार हो ।

You may have missed