March 3, 2026

रफ्तार के शौकीनों पर बागेश्वर पुलिस का शिकंजा, स्टंट और रश ड्राइविंग करने वाली KTM-200 मोटरसाइकिल सीज


बागेश्वर। जनपद में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बागेश्वर पुलिस ने लापरवाह वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को यातायात पुलिस ने तेज रफ्तार और स्टंटबाजी करने वाले वाहन चालक पर कार्रवाई करते हुए उसकी KTM 200 मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस कंट्रोल रूम को मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) के माध्यम से सूचना मिली कि एक युवक शहर के भीतर बिना हेलमेट अत्यधिक तेज गति से मोटरसाइकिल चला रहा है। इतना ही नहीं, वाहन में रेट्रो साइलेंसर लगा होने के कारण वह सड़क पर खतरनाक ढंग से रेस ड्राइविंग कर रहा था, जिससे आम नागरिकों और राहगीरों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तहसील रोड पर घेराबंदी कर दी। कुछ ही देर में संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोक लिया गया। जांच के दौरान चालक द्वारा यातायात नियमों की घोर अनदेखी तथा लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन की पुष्टि होने पर मौके पर ही KTM-200 मोटरसाइकिल को सीज कर लिया गया। बाद में वाहन को कोतवाली बागेश्वर में दाखिल कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि शहर की सड़कों को रेसिंग ट्रैक समझने वाले और स्टंटबाजी कर आम जनजीवन को खतरे में डालने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि जनपद में सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था कायम रह सके ।

You may have missed