September 10, 2026

पेंशनर्स की मांगों को कांग्रेस के घोषणा पत्र में शामिल करने का आश्वासन


हल्द्वानी । उत्तराखंड सेवानिवृत्त कार्मिक समन्वय समिति के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या और कांग्रेस के चुनाव घोषणा पत्र प्रभारी व उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी से मुलाकात कर पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने गोल्डन कार्ड की विसंगतियां दूर करने और आयु के आधार पर अतिरिक्त पेंशन देने की मांग प्रमुखता से रखी। मांग की गई कि 65 वर्ष की आयु पर पांच प्रतिशत, 70 वर्ष पर 10 प्रतिशत और 75 वर्ष पर 15 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन दी जाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ पेंशनर्स की स्वास्थ्य और आर्थिक जरूरतें बढ़ती हैं, ऐसे में इन मांगों का समाधान जरूरी है।नेताओं ने मांगों का समर्थन करते हुए इन्हें कांग्रेस के आगामी चुनाव घोषणा पत्र में शामिल करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में ईपीसी जोशी, लीलाधर पांडेय, ई. जीवन चंद्र पंतौला, यतीश पंत और विजय तिवारी शामिल रहे।