April 14, 2026

ऑपरेशन ‘प्रहार’ में बड़ी सफलता: बागेश्वर पुलिस ने 164 ग्राम अवैध चरस के साथ आरोपी को दबोचा


बागेश्वर। उत्तराखण्ड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बागेश्वर पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के सख्त निर्देशों और प्रभावी रणनीति के तहत जिले में चल रही सतर्क चेकिंग के दौरान एक अभियुक्त को अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया गया है, जिससे क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 अप्रैल 2026 को एसओजी और थाना कपकोट पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संतोष सिंह पुत्र भूपाल सिंह, निवासी भराड़ी बमसेरा, थाना कपकोट, जनपद बागेश्वर को संदिग्ध अवस्था में रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 164 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ थाना कपकोट में मुकदमा संख्या 21/2026, धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। फिलहाल अभियुक्त को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक जीवन सामंत (एसओजी), हेड कांस्टेबल विनोद हर्बोला और कांस्टेबल हरीश सनवाल (थाना कपकोट) शामिल रहे, जिनकी सतर्कता और सक्रियता से यह सफलता संभव हो सकी।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।