Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 11, 2026

ठेके के विरोध में बच्चों ने तख्तियां लेकर राजमार्ग पर निकाली रैली


पौड़ी ।  देवप्रयाग से शराब का ठेका हटाने के लिए चल रहा महिलाओं का आंदोलन 27 वे दिन भी जारी रहा। इस दौरान बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर शराब काे बंद करो, अनुज्ञापी शर्म करो नारों के साथ राजमार्ग पर रैली निकाली साथ ही धरने में भी शामिल हुए। शुक्रवार को शराब के ठेके के खिलाफ चल रहे आंदोलन में उस समय नया मोड़ आ गया जब निकटवर्ती गांव के कक्षा आठवीं, 10वीं और 11वीं के बच्चे भी इसमें शामिल हो गए। शराब के खिलाफ सड़क पर उतरने वाले अधिकांश बच्चे उन पीड़ित परिवारों से थे जिनके पिता,भाई शराब की लत के चलते बरबाद होने की स्थिति में पहुंच चुके है। शराब की खिलाफत करने वाले बालक बालिकाओं के अनुसार शराब के कारण उनके घरों में दिन रात कलह,मारपीट,गाली गलौज का माहौल बना रहता है। घर में खाने के भी कई बार लाले पड़ जाते है। शराब के कारण कई घरों के बच्चों का भविष्य चौपट हो रहा है। आंदोलन की मुखिया जिला पंचायत सदस्य पुष्पा रावत ने कहा कि शराब का ठेका हटाने के लिए हर घर से आवाज उठनी लगी है। अजल्दी ही क्षेत्र के स्कूल,कॉलेजों के छात्र छात्राएं भी शराब विरोधी आंदोलन से जुड़ेंगे। धरने में अंकुश, लब्बू, लुकी, कुश, पूनम, सुनीता, वीना भड्डू देवी, डबली, कैलाशी, मकानी, देविका, रमा देवी, सुआ देवी, सुरेशी, सरस्वती, कमला व विमला देवी आदि शामिल हुए।

Advertisement