Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

एक फोन करने के लिए जाना पड़ता है गांव से दूर


कोटद्वार ।  ब्लॉक नैनीडांडा के अंतर्गत कोचियार ग्राम सभा और क्षेत्र के 30 से 40 गांवों की संचार सेवा ठप होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संचार सेवा सुचारु करने की मांग की। संचार सुविधा के लिए पांच साल पहले बीएसएनएल ने टावर लगाया था लेकिन अब यह टावर शोपीस बनकर रह गया है। ऐसे में ग्रामीणों को फोन करने के लिए 200 से 300 मीटर दूर जाना पड़ता है। आलम यह है कि टावर के नजदीकी मकानों के पास भी नेटवर्क नहीं मिल रहे हैं। ग्राम सभा कोचियार की प्रधान उमा देवी बिष्ट ने बताया कि इस बारे में कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया लेकिन विभागीय अधिकारियों ने इसे अनसुना कर दिया। नेटवर्क नहीं होने के कारण मनरेगा कार्यों में हाजिरी लगाने में भी दिक्कतें आ रही हैं। पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि संचार सुविधा में जल्द सुधार नहीं हुआ तो तहसील मुख्यालय धुमाकोट में प्रदर्शन करेंगे। वहीं लैंसडौन बीएसएनएल के उपमंडलीय अभियंता शेखर सुमन का कहना है कि क्षेत्र के कोचियार और तोल्यूडांडा में स्थित मोबाइल टावर सेटेलाइट बेस्ड हैं। उनके पास नेटवर्क बाधित होने की कोई जानकारी नहीं है। समस्या होने पर क्षेत्रवासी मोबाइल न. 9783597731 पर जानकारी दे सकते हैं।

Advertisement