June 3, 2026

ऑपरेशन प्रहार के तहत बागेश्वर पुलिस की बड़ी सफलता, 454 ग्राम चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार


बागेश्वर । बागेश्वर में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में सोमवार को एसओजी टीम ने खाईबगड़ पुल तिराहे के पास चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 454 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान महिपाल सिंह पुत्र नन्दन सिंह, निवासी ग्राम तोली, थाना कपकोट, जनपद बागेश्वर, उम्र लगभग 45 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ थाना कपकोट में मुकदमा संख्या 22/2026, धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में एसओजी टीम के उपनिरीक्षक जीवन सिंह सामन्त सहित संतोष सिंह, रमेश सिंह, भुवन बोरा और राजेन्द्र कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके।