Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

मिट्टी पर डामर बिछाने का खेल उजागर, कपकोट में सड़क निर्माण पर उठे गंभीर सवाल

बागेश्वर । जनपद के कपकोट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कांडा-सानीउडियार मोटर मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि बिना सोलिंग के सीधे मिट्टी के ऊपर डामर बिछाया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गए हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और उत्तराखंड क्रांति दल के नेताओं ने जब निर्माण स्थल का निरीक्षण किया, तो स्थिति देखकर वे आक्रोशित हो उठे। जिला पंचायत सदस्य एवं यूकेडी के जिलाध्यक्ष युवा नेता भास्कर बोरा तथा हीरा नेगी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुँचे और सड़क की गुणवत्ता की वास्तविकता को परखने के लिए स्वयं डामर को हाथ से उखाड़कर दिखाया। इस दौरान यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि सड़क पर बिना सोलिंग के सीधे मिट्टी के ऊपर डामर डाला जा रहा है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि न केवल सोलिंग की प्रक्रिया को दरकिनार किया गया है, बल्कि डामर की गुणवत्ता और उसकी मोटाई भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। उनका कहना है कि इस प्रकार का निर्माण कार्य न केवल सरकारी धन का दुरुपयोग है, बल्कि क्षेत्रीय जनता की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहाड़ी क्षेत्रों में बाहरी कंपनियों को ठेके दिए जा रहे हैं, जो स्थानीय परिस्थितियों को नजरअंदाज करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से घटिया निर्माण कार्य कर रही हैं। सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि मौके पर विभागीय कर्मचारियों की मौजूदगी के बावजूद यह कार्य निर्बाध रूप से जारी था।
भास्कर बोरा ने बताया कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो साक्ष्य सहित जिलाधिकारी बागेश्वर को प्रेषित कर दिया गया है और मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच का आश्वासन दिया है।
इस प्रकरण के उजागर होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और लोगों में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर अविश्वास गहराता जा रहा है। अब निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं कि इस मामले में कितनी शीघ्रता और कठोरता से कदम उठाए जाते हैं।

You may have missed

Advertisement