April 13, 2026

मेरा पौधा, मेरा परिवार” से हिमालय संरक्षण का संकल्प — 635वें दिन भी जारी रहा अनूठा जन-अभियान


पिथौरागढ़। उत्तराखंड की संवेदनशील पर्यावरणीय चेतना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तराखंड क्रांति दल के अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ कुमाऊं मंडल अध्यक्ष एवं डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी, राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरुरानी द्वारा संचालित पौधारोपण अभियान ने आज अपने 635वें दिन में भी एक प्रेरणादायक अध्याय जोड़ दिया। यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित न रहकर सामाजिक सहभागिता और भावनात्मक जुड़ाव का व्यापक रूप ले चुका है।
इस क्रम में “मेरा पौधा, मेरा परिवार” कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज कनालीछीना तथा राजकीय इंटर कॉलेज टोटानौला पलेटा में विशेष आयोजन किए गए, जहां छात्र-छात्राओं, गुरुजनों और अभिभावकों को “हिमालय बचाओ” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में लगभग 500 पौधों—मुख्यतः अखरोट एवं पूलम—का वितरण किया गया, जिन्हें छात्र अपने घरों में रोपित कर वृक्ष बनने तक संरक्षण का संकल्प लेंगे। विद्यालय परिसरों में भी सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
राजकीय इंटर कॉलेज कनालीछीना में आयोजित कार्यक्रम का संचालन अध्यापक ललिता प्रसाद जोशी द्वारा किया गया, जबकि प्रधानाचार्य बबीता ग्वाल सहित समस्त शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं टोटानौला पलेटा विद्यालय में कार्यक्रम का संचालन चिंतामणि जोशी ने किया, जिसमें प्रधानाचार्य विक्रम सिंह पाल एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस जन-अभियान को सामाजिक सहयोग भी प्राप्त हो रहा है, जिसमें डीडीहाट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सुनील शाह एवं गौरव पांडे का विशेष योगदान उल्लेखनीय रहा। इस अवसर पर दिनेश गुरुरानी ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि यह पौधारोपण अभियान निरंतर जारी रहेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित एवं हरित भविष्य का आधार बनेगा।
यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहा है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास भी करा रहा है।