April 13, 2026

गौरीकुंड वन पंचायत में वन्यजीव तस्करी का आरोप


रुद्रप्रयाग। । केदारनाथ धाम के मुख्य पड़ाव गौरीकुंड क्षेत्र की वन पंचायत में अवैध गतिविधियों को लेकर गंभीर आरोप लगे हैं। पूर्व प्रधान राकेश गोस्वामी ने जिलाधिकारी, प्रमुख वन संरक्षक को शिकायतीपत्र भेजा और वन भूमि पर अवैध घास कटान, दुर्लभ जड़ी-बूटियों के दोहन और वन्यजीवों के शिकार व तस्करी का मामला उठाया। पूर्व प्रधान राकेश गोस्वामी ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों की मिलीभगत से मजदूरों के माध्यम से यात्रा काल में अवैध घास का कटान किया जा रहा है जिससे करोड़ों रुपये का कारोबार हो रहा है। साथ ही बहुमूल्य जड़ी-बूटियों का भी चोरी-छिपे दोहन और वन्यजीवों के शिकार की बात कही गई है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच कर वन क्षेत्र में विशेष टास्क फोर्स गठित करने, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उधर उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी ने कहा कि गौरीकुंड क्षेत्र में हो रहे अवैध घास के कटान के मामले को प्रशासन को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और यह जिम्मा स्थानीय लोगों को देना चाहिए।