Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 18, 2026

बैसाखी स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं के जयकारों से गूंजी हरकी पैड़ी


हरिद्वार । बैसाखी पर्व पर मंगलवार सुबह हरकी पैड़ी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाटों पर पहुंचने लगे। पूरे क्षेत्र में गंगा मैया की जय के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने आस्था और श्रद्धा के साथ गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य कमाया। घाटों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। पर्व के चलते हरिद्वार शहर में खासा उत्साह देखने को मिला। बाजारों में रौनक बढ़ गई और पूजा सामग्री की दुकानों पर भीड़ रही। मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों पर दिनभर पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा।
काफी संख्या में पहुंची देव डोलियां:   बैसाखी स्नान पर्व के दौरान उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों से देवताओं की डोलियां लेकर श्रद्धालु हरकी पैड़ी गंगा घाट पहुंचे। यहां विधि-विधान से देव डोलियों को गंगा में स्नान कराकर पूजा-अर्चना की गई। इसके उपरांत गाजे बाजे के साथ श्रद्धालु डोली लेकर अपने क्षेत्र को रवाना हुए।
पार्किंग वाहनों से भरी:   मंगलवार को बैसाखी पर्व पर हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और यूपी के अलग-अलग शहरों से श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने धर्मनगरी पहुंचे। इसके चलते वाहनों का दबाव भी अधिक देखने को मिला। हरकी पैड़ी के निकट पंडित दीनदयाल पार्किंग, रोड़ी बेलवाला पार्किंग, गड्ढा पार्किंग वाहनों से अटी नजर आई। रोड़ी बेलवाला के निकट बनी पार्किंग मंगलवार को भी चारपहिया वाहनों से खचाखच दिखी।

Advertisement