April 13, 2026

अभिनेत्री सारा अली खान ने की पंवाली कांठा की वादियों में ट्रैकिंग


नई टिहरी । बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान ने उत्तराखंड के टिहरी जनपद स्थित प्रसिद्ध पंवाली कांठा बुग्याल का ट्रेक कर पहाड़ों की अद्भुत खूबसूरती और बर्फबारी का भरपूर आनंद लिया। उनकी इस यात्रा ने एक बार फिर उत्तराखंड के बुग्यालों की ओर पर्यटकों का ध्यान आकर्षित किया। स्काईहाइक कंपनी के ट्रैकर कुलदीप रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि सारा अली खान टिहरी के घुत्तू क्षेत्र पहुंचीं, जहां से उन्होंने ग्वाणा गांव से लगभग 18 किलोमीटर लंबे पैदल ट्रेक की शुरुआत की। यह ट्रेक प्राकृतिक सौंदर्य, घने जंगलों और ऊंचे पहाड़ों के बीच से होकर गुजरता है, जो ट्रैकर्स के लिए किसी रोमांच से कम नहीं है। ट्रेक के दौरान सारा अली खान ने सादगी का परिचय देते हुए खुद को एक सामान्य यात्री की तरह प्रस्तुत किया। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ समय बिताया और पहाड़ी व्यंजनों जैसे लाल चावल, मंडवे की रोटी और लेंगड़े की सब्जी का स्वाद भी लिया। वहीं, ट्रैकर्स से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह स्थान बेहद खूबसूरत है, यहां आकर उन्हें बहुत सुकून मिला और यह अनुभव उनके लिए यादगार रहा। उन्होंने भविष्य में दोबारा यहां आने की इच्छा भी जताई। सारा अली खान की इस यात्रा से पंवाली कांठा जैसे खूबसूरत लेकिन कम चर्चित ट्रैकिंग स्थलों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।