Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 25, 2026

जागेश्वर धाम में बढ़ता अतिक्रमण बना परेशानी, जाम और अव्यवस्था से श्रद्धालु परेशान


अल्मोड़ा ।  जागेश्वर धाम क्षेत्र में अतिक्रमण लगातार बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और स्थानीय लोगों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति आम होती जा रही है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। धाम में बढ़ती भीड़ के साथ सड़क किनारे अतिक्रमण भी तेजी से फैल रहा है। पिछले वर्ष प्रशासन ने शिकायतों के आधार पर अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर पुरातात्विक संग्रहालय गेट से टीआरसी प्रवेश द्वार तक जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण हटाया था। उस समय अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि म्यूजियम गेट से ऊपर दुकानें न लगाई जाएं और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित किया गया था। इसके बावजूद कुछ समय बाद पुनः अतिक्रमण फैलने लगा और वर्तमान में म्यूजियम से टीआरसी गेट तक लोक निर्माण विभाग की भूमि पर कब्जे की स्थिति बनी हुई है। अतिक्रमण के कारण टीआरसी रोड पर भी अव्यवस्था बढ़ गई है, जो बड़े वाहनों के बैक करने का प्रमुख मार्ग है। यहां भी कई स्थानों पर वाहन खड़े कराए जा रहे हैं, जिससे जाम की समस्या और बढ़ रही है। आरोप हैं कि कुछ स्थानों पर श्रद्धालुओं पर दुकानों से सामान खरीदने का दबाव भी बनाया जाता है। शाम के समय कुछ फड़ों में अव्यवस्था की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ स्थानों पर नियमों के विपरीत गतिविधियां संचालित होने से धाम की गरिमा प्रभावित हो रही है और श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता की घटनाएं भी सामने आई हैं। हालांकि पुलिस द्वारा समय-समय पर कार्रवाई किए जाने की बात भी कही जा रही है। सूत्रों के अनुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में बाधाएं भी सामने आई हैं। बताया जाता है कि कुछ मामलों में प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान राजनैतिक हस्तक्षेप की स्थिति बनी, जिसके चलते कई बार अभियान प्रभावी ढंग से आगे नहीं बढ़ पाया। यही कारण है कि क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या दोबारा बढ़ती जा रही है।

Advertisement