April 21, 2026

सड़क के लिए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन


बागेश्वर ।  कपकोट तहसील क्षेत्र में बदहाल सड़कों को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र के विभिन्न मोटर मार्गों की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है, जिससे लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कपकोट से कर्मी बदियाकोट, तथा रिखाड़ी-बाछम मोटर मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं। सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। आदिवत्री मां भगवती स्फूर्ति शहद उत्पादन स्वायत्त सहकारिता समिति, पिंडर वैली के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर सड़कों के शीघ्र सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग की है। उनका कहना है कि कई वर्षों से इन मार्गों की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा है कि यदि जल्द ही सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर राहत दिलाने की मांग की है।