बागेश्वर में बारात की बोलेरो खाई में गिरी, 11 घायल, दो गंभीर
बागेश्वर । जिले के कपकोट क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शामा भनार के पास लाथी-माजखेत मोटर मार्ग पर कीमू गांव से धरमघर जा रही बारात की बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में वाहन सवार 11 बाराती घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा और सीधे नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और इसकी सूचना प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भी चिकित्सकों को अलर्ट पर रखा गया है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इधर, घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पहाड़ी सड़कों पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है। प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
