September 11, 2026

 72 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो बाजार बंद करने की चेतावनी


बागेश्वर । कैमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष गोकुल जोशी और अन्य व्यापारियों के साथ मारपीट की घटना पर व्यापार संघ और होटल एसोसिएशन ने कड़ी आपत्ति जताई है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर व्यापारी कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस से उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई।
व्यापारियों ने दो टूक कहा कि 72 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बाजार बंद किया जाएगा। मालूम हो कि गुरुवार को कैमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष गोकुल जोशी के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। जोशी का आरोप है कि कुछ लोग उनके दुकान और घर में घुस गए और जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
देर शाम वह मेडिकल कराने जिला अस्पताल पहुंचे तो दूसरा पक्ष भी अस्पताल पहुंच गया और वहां हंगामा करने लगा। जोशी के पक्ष में बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट की गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। घटना के विरोध में व्यापारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए मारपीट में घायल व्यापारियों को ही सुबह से कोतवाली में बुलाकर बैठाए रखा, जबकि दूसरे पक्ष के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। व्यापार मंडल अध्यक्ष सूरज जोशी और होटल एसोसिएशन अध्यक्ष बबलू नेगी ने चेतावनी दी कि 72 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापार मंडल पूरे बाजार को बंद करेगा। इसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। इस मौके पर हरीश सोनी, राजेंद्र परिहार, सचिव देवेंद्र अधिकारी, उपाध्यक्ष गिरीश बिष्ट, अनिल कार्की, प्रमोद मेहता, गोकुल जोशी, महेश दफोटी, तिलक तिवारी आदि मौजूद रहे।
कोट–
कैमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष और दूसरे पक्ष की तहरीर पुलिस को मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।   – अजय लाल साह, सीओ बागेश्वर  ।