April 24, 2026

लापरवाही से योजना का लाभ नहीं मिला, होगी कार्रवाई: डीएम


बागेश्वर ।   जिला सभागार में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में जनपदभर से आए लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान बिजली, सड़क, पेयजल, आपदा प्रबंधन समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी पात्र लाभार्थी को नियमों की जानकारी के अभाव या विभागीय लापरवाही के कारण योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है, तो इसके लिए संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी ने कांडा पंपिंग योजना की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि जनपद के प्रत्येक गांव में शत-प्रतिशत पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी ने नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर असंतोष जताया। डीएम ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका को टीम गठित कर सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन और जनपद स्तरीय हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने सभी विभागों को सौ प्रतिशत शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनगणना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने, स्व-गणना प्रक्रिया को पूर्ण करने तथा जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।