Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026

गरुड में पत्रकारिता दिवस पर एसडीएम ने दिलाई शपथ

बागेश्वर , गरुड ।  हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर गरुड़ में आयोजित संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह में वक्ताओं ने पत्रकारिता की निष्पक्षता, निर्भीकता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता को लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति बताया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों तथा पत्रकारों को सम्मानित कर उनके योगदान का अभिनंदन किया गया।
तहसील पत्रकार संगठन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। “समाजोत्थान में पत्रकारों की भूमिका” विषय पर आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण होने के साथ-साथ सरकार और जनता के बीच एक सशक्त सेतु भी है। उन्होंने पत्रकारों से आह्वान किया कि वे निष्पक्ष और निर्भीक होकर समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं तथा सकारात्मक सोच के साथ जनभावनाओं की आवाज बनें।
विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ कवि गोपाल दत्त भट्ट ने कहा कि देश के विभिन्न संकटों के दौर में पत्रकारों ने समाज को दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने पत्रकारों से राजनीतिक प्रभावों से ऊपर उठकर जनहित के मुद्दों को अपनी लेखनी की धार बनाने का आग्रह किया।
उन्होंने आचार्य विनोबा भावे के साथ अपने संस्मरण सुनाते हुए कहा कि वे कहते थे देश आदर्श बनाने से पहले उसका नागरिक को अच्छा बनाने का प्रयास में करना होगा।
कार्यक्रम के प्रमुख वक्ता डी.के. जोशी ने हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इसके विकास और सामाजिक योगदान की चर्चा की।
विधायक ललित फर्सवाण तथा नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाने वाली एक महत्वपूर्ण शक्ति है। साहित्यकार रतन सिंह किरमोलिया, पूर्व बीईओ जीवन चंद्र दुबे और पूर्व प्रधानाचार्य नंदन सिंह अल्मिया ने कहा कि पत्रकार समाज की पीड़ा और जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है।
कार्यक्रम के दौरान स्वीप के ब्लॉक समन्वयक उमेश जोशी ने मतदाता जागरूकता एवं एसआरआई संबंधी जानकारी साझा की। वहीं, एसडीएम वैभव कांडपाल ने तहसील पत्रकार संगठन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन चंद्रशेखर बड़सीला ने किया।
इस अवसर पर कोतवाल कैलाश सिंह नेगी, पत्रकार रमेश बृजवासी, अर्जुन राणा, अखिल जोशी, कृष्णा गढ़िया, अनिल पांडे, दिनेश नेगी, हरीश जोशी, जिला पंचायत सदस्य जनार्दन लोहुमी, बबलू नेगी, सुनील दोसाद, दिनेश बिष्ट, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष गजेंद्र मेहता, हरेंद्र चिलवाल, शंकर लाल टम्टा, डॉ. अवधेश तिवारी, सुरेश जोशी, सूरज मेहरा, रोहित पांडे, राजू नेगी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में समाज और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई। कार्यक्रम का समापन हिंदी पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा और जनपक्षीय पत्रकारिता के संकल्प के साथ हुआ।

Advertisement