June 1, 2026

आवास योजना के पात्र लाभार्थियों की सूची अनिवार्य रूप से चस्पा करें


चम्पावत ।  चम्पावत कलक्ट्रेट में सोमवार को जनता मिलन कार्यक्रम हुआ। शिविर में डीएम ने लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों की सूची चस्पा करने के निर्देश दिए। शिविर में 74 शिकायतें दर्ज की गई। मटियानी की पूजा देवी ने आवास उपलब्ध कराने की मांग की। डीएम ने जिले के सभी खंड विकास अधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों की सूची संबंधित पंचायत घरों में अनिवार्य रूप से चस्पा करने के निर्देश दिए। भुवन पचौली जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध न होने से कई पात्र व्यक्तियों की वृद्धावस्था पेंशन निरस्त होने, बिरगुल के चंदन राम ने बारिश के दौरान मकान की छत टपकने, भगाना भंडारी की प्रधान प्रेमा खर्कवाल ने क्षेत्र में सोलर लाइट लगाने, हरम के प्रधान सूरज सिंह ने मंच-तामली सड़क मार्ग पर खतरनाक स्थिति में खड़े चीड़ के पेड़ों को हटाने की मांग की।कृपाशंकर, राकेश, अंकित, रामजीवन, अरुणा एवं अन्य श्रमिकों ने ठेकेदार द्वारा मजदूरी भुगतान न किए जाने आदि शिकायते उठाई। डीएम ने अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
श्रवण यंत्र का वितरण: ग्राम पंचायत कानाकोट के निवासी मदन राम एवं दीवान सिंह ने जनता मिलन कार्यक्रम में श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। डीएम ने समाज कल्याण विभाग के माध्यम से दोनों लाभार्थियों को तत्काल कान की मशीन उपलब्ध कराई। जिससे उनकी समस्या का मौके पर ही समाधान हो गया।
कार्यक्रम में सीडीओ जीएस खाती, एडीएम कृष्ण नाथ गोस्वामी, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, एपीडी विम्मी जोशी, सीएओ धनपत कुमार, डीएचओ मोहित मल्ली, डीएसओ प्रियंका भट्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविंद्र सामंत, डीपीआरओ महेश कुमार समेत तमाम लोग मौजूद रहे।