शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर गांधी पार्क में प्रदर्शन
देहरादून । नीट परीक्षा में पेपर लीक और सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में कथित अनियमितताओं के विरोध में शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने गांधी पार्क के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों और विभिन्न प्रतियोगी और बोर्ड परीक्षाओं में गड़बड़ियों ने करोड़ों छात्रों और युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है।उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों के दौरान नीट परीक्षा से जुड़े कई मामले सामने आए, लेकिन शिक्षा मंत्रालय प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहा।
उन्होंने कहा कि युवाओं के विरोध के बावजूद केवल अधिकारियों के तबादले कर मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में भी गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका कहना है कि परीक्षा संचालन और मूल्यांकन का कार्य ऐसी कंपनियों को सौंपा गया, जिन पर पहले भी अनियमितताओं के आरोप लग चुके हैं। वक्ताओं ने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री तत्काल इस्तीफा दें, जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित किया जाए और परीक्षा प्रक्रिया में शामिल दोषी कंपनियों और व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक शिक्षा व्यवस्था में सुधार संभव नहीं है। प्रदर्शन में मोहित डिमरी, कमला पंत, निर्मला बिष्ट, सुजाता पॉल, तुषार, हरेंद्र कनेरी, सूरज नेगी, पंकज उनियाल, मुकेश बहुगुणा, ललित श्रीवास्तव, स्मृति नेगी और सर्वेश सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, युवा मौजूद रहे।
