“ऑपरेशन प्रहार” के तहत बागेश्वर पुलिस का शिकंजा, अवैध शराब कारोबार पर दो बड़ी कार्रवाई
बागेश्वर। उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के अंतर्गत बागेश्वर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर, जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पहले मामले में कोतवाली बागेश्वर पुलिस ने क्षेत्र के एक चाय की दुकान पर छापेमारी कर बिना लाइसेंस ग्राहकों को शराब परोस रही लीला देवी (42 वर्ष), निवासी भागीरथी, बागेश्वर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अभियुक्ता के कब्जे से एक बोतल अधखुली माल्टा मसालेदार देशी शराब तथा शराब परोसने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई। इस संबंध में कोतवाली बागेश्वर में मुकदमा अपराध संख्या 35/2026 के तहत धारा 60(1)/21 आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दूसरे मामले में थाना कपकोट पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान ग्राम किरौली में भुवन चन्द्र पुत्र कैलाश चन्द्र को उसकी दुकान में अवैध शराब रखने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने मौके से 14 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। इस प्रकरण में थाना कपकोट में मुकदमा अपराध संख्या 36/2026 के तहत धारा 60(1) आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
बागेश्वर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन को बढ़ावा देने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
