Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 26, 2026

ड्यूटी से आगे बढ़कर मानवता का परिचय: बागेश्वर पुलिस के जवानों ने रक्तदान कर बचाई महिला की जान


बागेश्वर। पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में समाज के प्रति अपनी मानवीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी है। इसी भावना को चरितार्थ करते हुए बागेश्वर पुलिस के दो जवानों ने रक्तदान कर एक गंभीर रूप से बीमार महिला की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर, जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में जनपद पुलिस लगातार ‘सेवा और सुरक्षा’ के संकल्प को साकार कर रही है। रविवार को जिला अस्पताल में उपचाराधीन एक महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। चिकित्सकों ने तत्काल महिला के उपचार के लिए बी-पॉजिटिव (B+) रक्त की आवश्यकता बताई। परिजन काफी प्रयासों के बावजूद आवश्यक रक्त की व्यवस्था नहीं कर सके, जिससे मरीज की स्थिति और गंभीर होती जा रही थी।
इसी बीच पुलिस मीडिया सेल को फोन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस कार्यालय में तैनात कांस्टेबल हिमांशु वर्मा और कांस्टेबल सौरभ कुमार ने बिना किसी विलंब के जिला अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया। उनके द्वारा किए गए रक्तदान से महिला को समय पर उपचार मिल सका और उसकी जान बचाने में मदद मिली।
विशेष बात यह है कि दोनों पुलिसकर्मी इससे पूर्व भी कई बार रक्तदान कर जरूरतमंद लोगों की सहायता कर चुके हैं। उनके इस संवेदनशील और सराहनीय कार्य ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस केवल सुरक्षा का ही नहीं, बल्कि मानवता का भी मजबूत प्रहरी है।
समय पर रक्त उपलब्ध होने से महिला के परिजनों ने राहत की सांस ली। परिजनों एवं अस्पताल प्रशासन ने दोनों पुलिसकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके मानवीय प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। वहीं सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों के बीच भी बागेश्वर पुलिस के इस कार्य की जमकर सराहना हो रही है।
यह घटना समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है कि रक्तदान जैसे छोटे से प्रयास से किसी व्यक्ति को नया जीवन दिया जा सकता है। बागेश्वर पुलिस के जवानों ने अपने कर्तव्य के साथ-साथ मानवता का जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह निस्संदेह अनुकरणीय है।

Advertisement