Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 13, 2026

अस्पताल में सुविधाओं के लिए अब आमरण अनशन शुरू


चमोली ।  सिमली महिला बेस अस्पताल में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग के लिए ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष उमेश खंडूड़ी का आठ दिनों से चल रहा सत्याग्रह आंदोलन अब आमरण अनशन में तब्दील हो गया। इस दौरान ब्लाॅक के विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए प्रधानों ने धरना स्थल से अस्पताल तक रैली भी निकाली।प्रधानों ने सरकार से जनपद के केंद्र बिंदु में स्थित इस बेस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की। उमेश खंडूड़ी ने कहा कि बीते आठ दिनों से विशेषज्ञ चिकित्सकों, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड तकनीशियन और पैथोलॉजी लैब जैसी व्यवस्थाओं की मांग की जा रही है। मगर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। खरसाई की प्रधान शिवानी चौधरी, सिरण की लीला देवी, कनखुल की किरण और सिंद्रवाणी की प्रीति नेगी ने कहा कि दो वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण में महिला बेस अस्पताल को पूर्ण बेस अस्पताल बनाने की घोषणा की थी लेकिन अभी तक इसका शासनादेश जारी नहीं हुआ है और न ही महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती भी नहीं हो पाई है। प्रधानों ने चेतावनी दी यदि जल्द मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन उग्र करेंगे। इस मौके पर सिदोली के प्रधान सुभाष पांडेय, सुखतोली के जयवीर तोपाल, गैंथी के मनवीर सिंह, सुनाक के उत्तम चौधरी, ऐंड के राकेश सिंह, क्षेपंस पंकज लडोला आदि मौजूद थे।

You may have missed

Advertisement